यूरिया खाद के लिए किसानों की लंबी कतार:देवरिया मांफी समिति पर सुरक्षा के अभाव में वितरण रुका

4
Advertisement

साऊघाट विकास खंड की बहुउद्देश्यीय साधन सहकारी समिति देवरिया मांफी में मंगलवार सुबह आठ बजे से यूरिया खाद लेने के लिए किसान लंबी कतारों में खड़े थे। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में खाद का वितरण नहीं किया जा रहा था, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। समिति के सचिव अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बिना खाद का वितरण करना मुश्किल है। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के आने का इंतजार करने की बात कही। रबी का सीजन चल रहा है, और ऐसे समय में सहकारी समितियों पर खाद की अनुपलब्धता किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जिले में खरीफ के सीजन से ही उर्वरक के लिए मारामारी चल रही है, जिसके बावजूद सरकारी व्यवस्था में सुधार नहीं दिख रहा है। देवरिया मांफी समिति पर खाद लेने पहुंचे रिंकू चौधरी, श्यामचंद, रामलाल, योगेंद्र चौधरी, सावित्री देवी, कोकिला, शत्रुघ्न सिंह, इम्तियाज अहमद और सफीक खान सहित कई किसानों ने बताया कि वे एक सप्ताह से समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक खाद नहीं मिल पाई है। सचिव अनिल कुमार के अनुसार, समिति के स्टॉक में 100 बोरी एनपीएस, 250 बोरी डीएपी और 550 बोरी यूरिया मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही पुलिस बल उपलब्ध होगा, खाद का वितरण तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।

यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती के सीताद्वार मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़:देश-विदेश से दर्शन को पहुंचे भक्त, महंत ने बताई मान्यता
Advertisement