बैरिहवा-खुरहुरिया में ग्राम चौपाल आयोजित:समस्याओं का समाधान, परिवार रजिस्टर का मामला सुलझाया

4
Advertisement

विकासखंड बढ़नी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरिहवा और खुरहुरिया में ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। ग्राम पंचायत बैरिहवा में चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता एम.आई. संतोष कुमार ने की। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। चौपाल में मुख्य रूप से अटल पेंशन योजना, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, बिजली बिल, वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय और युवाओं को रोजगार से जोड़ने जैसी योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड और परिवार कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया। शासन की गरीब कल्याण और अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देने के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार पाण्डेय, रोजगार सेवक दुखहरण, आलोक चतुर्वेदी, जितेंद्र कुमार और अंबुज श्रीवास्तव सहित कई लोग उपस्थित रहे। वहीं, ग्राम पंचायत खुरहुरिया में सचिव मोहम्मद नियाज की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सरकार की नवीन योजना ‘राम जी’ के तहत लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और ग्राम पंचायतों को विकसित कर आत्मनिर्भर भारत की ओर ले जाने के उद्देश्यों का प्रचार-प्रसार किया गया। बैठक के दौरान गांव के एक निवासी ने परिवार रजिस्टर से संबंधित एक मामला उठाया, जिसका तत्काल निस्तारण किया गया। शेष कुछ समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया गया। इस अवसर पर पंचायत सचिव मोहम्मद नियाज, ग्राम प्रधान शेषमणि चौधरी, रोजगार सेवक मनोज कुमार चौधरी और अंबुज श्रीवास्तव सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
यहां भी पढ़े:  सशस्त्र सीमा बल ने शुरू किया पूर्व भर्ती प्रशिक्षण:बलरामपुर में 400 युवाओं ने लिया भाग, कमांडेंट ने किया उद्घाटन
Advertisement