कप्तानगंज चौराहे पर खुला ट्रांसफार्मर:बड़े हादसे का खतरा, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

12
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज कस्बे के मुख्य चौराहे पर एक खुला विद्युत ट्रांसफार्मर बड़े हादसे का कारण बन सकता है। यह ट्रांसफार्मर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 और कप्तानगंज-टिनिच मार्ग के संगम पर स्थित दुर्गा मंदिर के ठीक सामने लगा है। यह चौराहा दिन-रात भारी वाहनों, दोपहिया चालकों, पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है। खुले ट्रांसफार्मर से लोगों की जान को सीधा खतरा बना हुआ है, जिससे स्थानीय नागरिकों में चिंता है। इस संबंध में जब जूनियर इंजीनियर (जेई) राजित राम से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि जल्द ही उच्च अधिकारियों से बात कर ट्रांसफार्मर को कवर किया जाएगा। स्थानीय निवासी मनोज ने ट्रांसफार्मर को हटाने या तुरंत कवर करने की मांग की है। विवेक और गौरव सहित अन्य निवासियों ने भी इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए ट्रांसफार्मर को ढकने की अपील की है। कुछ दिन पहले इसी दुर्गा मंदिर के पास एक अनियंत्रित ट्रक पलट गया था। हालांकि, ट्रक की सीधी टक्कर ट्रांसफार्मर से नहीं हुई थी, लेकिन यदि वाहन थोड़ा और आगे बढ़ता तो खुले ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। ट्रांसफार्मर के चारों ओर न तो कोई सुरक्षा घेरा है और न ही चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। बारिश, नमी या किसी वाहन की टक्कर की स्थिति में करंट फैलने, आग लगने या जनहानि की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल खुले ट्रांसफार्मर को कवर करने, सुरक्षा घेरा बनाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

Advertisement