आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत:भारत भारी सहित ग्रामीण इलाकों में भी समस्या, ईओ ने दिया आश्वासन

3
Advertisement

नगर पंचायत भारत भारी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर कुत्तों के झुंड दिखाई दे रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। खासकर सुबह-शाम टहलने निकलने वाले बुजुर्गों, बच्चों और दुपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मो. नसीम, अजहरुद्दीन, शिवम्, राजू के अनुसार, बीते कुछ दिनों में आवारा कुत्तों द्वारा लोगों पर हमला किए जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है, जहां खेतों और कच्चे रास्तों पर कुत्तों के झुंड अचानक हमला कर देते हैं। इससे किसानों, मजदूरों और महिलाओं को बाहर निकलने में डर महसूस हो रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और नियंत्रण को लेकर कोई प्रभावी अभियान नजर नहीं आ रहा, जिसके चलते समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर तत्काल नियंत्रण किया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी कराने और सुरक्षित स्थानों पर रखने की व्यवस्था की जाए। साथ ही, रेबीज जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण भी जरूरी बताया जा रहा है। नगर पंचायत भारत भारी के ईओ राजन गुप्ता का कहना है कि उक्त समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही संबंधित विभाग के सहयोग से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी घटना की सूचना तुरंत नगर पंचायत अथवा स्वास्थ्य विभाग को दें।
Advertisement