धोबहा टोला पठानडीह में जन चौपाल आयोजित:मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत नए कानूनों पर दी जानकारी

9
Advertisement

थाना कठेला समय माता क्षेत्र के ग्राम धोबहा टोला पठानडीह में शनिवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत एक जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल का उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, साइबर जागरूकता और बहू-बेटी सम्मेलन के माध्यम से लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में उपस्थित पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को नए आपराधिक कानूनों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जागरूकता पोस्टर और पम्पलेट भी वितरित किए गए। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आयोजित किया गया। इसका पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद ने किया, जबकि क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देशन और थानाध्यक्ष कठेला समय माता अभय सिंह के नेतृत्व में यह संपन्न हुआ। जन चौपाल में मिशन शक्ति टीम ने “उद्घोष नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन” की अवधारणा पर जोर दिया। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन की प्राथमिकताओं के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि महिला एवं बाल संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए नए आपराधिक कानूनों में पीड़ित-केंद्रित प्रावधानों को मजबूत किया गया है। कार्यक्रम के दौरान शून्य एफआईआर (Zero FIR), ई-एफआईआर, समयबद्ध न्याय, नए अपराधों की परिभाषा, प्रौद्योगिकी एवं फोरेंसिक विज्ञान के उपयोग, तथा साइबर अपराधों से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, बाजारों और कोचिंग संस्थानों को असामाजिक तत्वों व शोहदों से मुक्त रखने पर भी जोर दिया गया। महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइनों की जानकारी दी गई। इनमें 1090 वुमेन पावर हेल्पलाइन, यूपी 112 पुलिस सहायता, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड केयर, 102 व 108 एम्बुलेंस सेवा, 101 अग्निशमन, 1930 साइबर हेल्पलाइन तथा 14567 एल्डर हेल्पलाइन शामिल हैं। कार्यक्रम में उपस्थित गांव की महिलाओं ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें सशक्त व निडर होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। अंत में, सभी से कानून का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की गई।
Advertisement