अंकित द्विवेदी ने युवा प्रधान पद के लिए दावेदारी की:पंड़री ग्राम पंचायत में 2026 चुनाव की तैयारी तेज

4
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड की ग्राम पंचायत पंड़री में 2026 के पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में अंकित द्विवेदी ने प्रधान पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि वे एक युवा प्रधान के रूप में गांव को नई सोच और दिशा देना चाहते हैं। द्विवेदी ने बताया कि वे पंचायत के सभी बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं के सम्मान व सहयोग से गांव का विकास करना चाहते हैं। उनका उद्देश्य सभी को साथ लेकर चलना और किसी भी प्रकार का भेदभाव न करना है। उन्होंने गांव की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का वादा किया। इनमें टूटी सड़कें, खराब नालियां, गंदगी और जल निकासी की समस्या शामिल है, ताकि ग्रामीणों को दैनिक परेशानियों से राहत मिल सके। बुजुर्गों के लिए गांव में एक छोटा स्वास्थ्य केंद्र बनवाने का भी प्रयास किया जाएगा, जिससे उन्हें इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। आवारा मवेशियों से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान का जिक्र करते हुए द्विवेदी ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए गांव में गौशाला का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने वृद्धा पेंशन और किसान सम्मान निधि जैसी सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को गांव स्तर पर ही निपटाने की व्यवस्था करने की बात कही, ताकि लोगों को बार-बार ब्लॉक कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा आवंटित धन जनता का पैसा है और इसका उपयोग केवल गांव के विकास तथा जरूरतमंद लोगों के हित में किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि उन्हें अवसर मिला तो वे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करेंगे। अंकित द्विवेदी ने कहा कि यदि चुनाव सामान्य आरक्षण श्रेणी में होता है, तो वे पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेंगे और ग्राम पंचायत पंड़री को एक आदर्श पंचायत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।

Advertisement