
श्रावस्ती में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 20 लीटर अवैध शराब बरामद की गई और आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए। यह अभियान आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार, उप आबकारी आयुक्त देवीपाटन प्रभार गोंडा के पर्यवेक्षण एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रावस्ती के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। आबकारी टीम ने थाना हरदत्तनगर ग्रैंट क्षेत्र के खैरहवा कला और गन्नापुरवा के संदिग्ध स्थलों पर दबिश दी। इसके अतिरिक्त, उप जिलाधिकारी जमुनहा और आबकारी निरीक्षक जमुनहा की संयुक्त टीम ने मल्हीपुर और जमुनहा सहित विभिन्न स्थानों पर संचालित आबकारी दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप दुकान संचालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










































