श्रावस्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गिलौला के ठीक बगल में लंबे समय से कूड़े का भारी ढेर जमा है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में इलाज और दवा लेने पहुंचने वाले लोगों को सबसे पहले बदबूदार कूड़े और गंदगी का सामना करना पड़ता है। कूड़े के ढेर के पास से गुजरते समय लोगों को अपनी नाक पर रुमाल रखना पड़ता है। गंदगी के कारण मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों राजकुमार, पवन, दुर्गेश और रामजी ने बताया कि अस्पताल के बगल में पड़े कूड़े को न तो हटाया जाता है और न ही नाली की सफाई होती है। नाली पूरी तरह जाम है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और पानी सड़कर कीचड़ में बदल गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सफाई कर्मचारी महीनों से यहां दिखाई नहीं दिए हैं, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ रही है। लोगों का कहना है कि अस्पताल के पास रहने वाले परिवार भी गंदगी और दुर्गंध से परेशान हैं। बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और कूड़े के ढेर को हटाने की मांग की है, ताकि मरीजों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।









































