बढ़नी कोल्ड स्टोरेज दो दशक से बंद:डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के किसानों को हो रही परेशानी

4
Advertisement

सिद्धार्थनगर जिले में कोई कोल्ड स्टोरेज (शीतल गृह) नहीं होने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बढ़नी में स्थित एकमात्र कोल्ड स्टोरेज पिछले दो दशक से बंद पड़ा है। इसके बंद होने से किसानों को अपनी सब्जियां और अन्य उपज बचाने में मुश्किल हो रही है। यह कोल्ड स्टोरेज कभी क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सहूलियत था। किसान अपनी उपज को यहां सुरक्षित रख पाते थे, जिससे उन्हें बाद में अच्छी कीमत मिलती थी। हालांकि, लगभग दो दशक पहले यह कोल्ड स्टोरेज बंद हो गया, जिससे किसानों के सामने एक बड़ा संकट खड़ा हो गया है। पोखरा काजी निवासी राम कृपाल बताते हैं कि बढ़नी में कोल्ड स्टोरेज होने से किसानों को अपनी सब्जियां स्टोर करने में आसानी होती थी और वे खराब नहीं होती थीं। इससे किसान बाद में सब्जियों को बेचकर अच्छी रकम कमाते थे। अब दो दशक से बंद होने के कारण किसानों को अपनी उपज खराब होने के डर से औने-पौने दामों में बेचनी पड़ती है। सोनहटी निवासी शिव कुमार का भी कहना है कि इस कोल्ड स्टोरेज से डुमरियागंज सहित पूरे जिले को फायदा होता था, लेकिन इसके बंद होने से किसानों और आम जनता दोनों को नुकसान हुआ है। देवरिया निवासी अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि बढ़नी में कोल्ड स्टोरेज होने से इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिला था। कई लोग आलू की साफ-सफाई और लोडिंग का काम करते थे। कोल्ड स्टोरेज के बंद होने से उनका रोजगार छिन गया है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। इस कोल्ड स्टोरेज को फिर से शुरू करने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। स्थानीय विधायक सैयदा खातून ने एक वर्ष पहले जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इसे शुरू करने का आग्रह किया था। इसी तरह, भारतभारी नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा ने भी एक वर्ष पूर्व आला अधिकारियों को पत्र के माध्यम से इसके संचालन के लिए अवगत करवाया था। किसानों और स्थानीय निवासियों ने एक बार फिर उच्च अधिकारियों से बढ़नी कोल्ड स्टोरेज को पुनः संचालित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के किसानों को राहत मिल सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें।
यहां भी पढ़े:  इटवा के रामलीला में कैकई-दशरथ संवाद का मंचन:श्रीराम, सीता-लक्ष्मण सहित वन को प्रस्थान
Advertisement