बढ़नी से महानगरों के लिए नई रेल सेवा की मांग:लोकसभा में सांसद जगदंबिका पाल ने उठाया मुद्दा

5
Advertisement

लोकसभा में डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने बढ़नी रेलवे स्टेशन (BNY) से देश के प्रमुख महानगरों के लिए नई सीधी रेल सेवाएं शुरू करने की मांग की है। उन्होंने बुधवार को शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। सांसद जगदंबिका पाल ने सदन को बताया कि बढ़नी स्टेशन भारत-नेपाल सीमा से मात्र 100-200 मीटर की दूरी पर स्थित है। यह सामरिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में इसकी उपेक्षा क्षेत्र के विकास में बाधा बन रही है। बढ़नी नेपाल से आने वाले यात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों के लिए भारत का मुख्य प्रवेश द्वार है। इसके बावजूद, यहाँ से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों का अभाव है। इससे स्थानीय लोगों और सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को परेशानी होती है। सांसद जगदंबिका ने कहा कि सीधी रेल सेवाएं न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएंगी, बल्कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आवागमन को भी बढ़ावा देंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए गोरखपुर या अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है। डुमरियागंज के सांसद ने रेल मंत्रालय से आग्रह किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने और पूर्वांचल के विकास को गति देने के लिए बढ़नी से नई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन जल्द सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह कदम भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देगा। स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों का भी मानना है कि बढ़नी से सीधे महानगरों के लिए ट्रेनों की शुरुआत होने से आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पूर्वांचल का सामाजिक तथा आर्थिक विकास गति पकड़ेगा।
यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती: विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला: पुलिस जांच में जुटी, पति मुंबई में, 3 साल पहले हुई थी शादी
Advertisement