बुधवार को मुंडेरवा-महादेवा मार्ग पर सुकाली पुरवा गांव के सामने दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर रेवटी निवासी मनीष (28) पुत्र वीरेंद्र मुंडेरवा बाजार से महादेवा की ओर जा रहे थे। वहीं, फुलवरिया निवासी अच्छे लाल पुत्र हीरालाल अपनी बुआ की बेटी नंदनी (18) के साथ महादेवा से मुंडेरवा की तरफ आ रहे थे। सुकाली पुरवा गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नंदनी और मनीष के पैरों में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा ले जाया गया। वहां मौजूद अंकित शुक्ल और फार्मासिस्ट गुलाब चंद्र चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।









































