बलरामपुर में 7 उर्वरक विक्रेताओं पर कार्रवाई:कालाबाजारी के संदेह पर लाइसेंस निलंबित, जांच के आदेश

8
Advertisement

बलरामपुर में उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने 7 उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। इन विक्रेताओं पर निर्धारित मूल्य से अधिक पर यूरिया बेचने और अवैध परिवहन का संदेह है। जिलाधिकारी ने उर्वरक वितरण पर सतत निगरानी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में उन्होंने भारत सरकार के पोर्टल से उर्वरक विक्रेताओं की बिक्री रिपोर्ट मंगवाई। रिपोर्ट में सामने आया कि 24 नवंबर 2025 की रात 8 बजे से 12 बजे के बीच जनपद के 7 उर्वरक विक्रेताओं ने खरीफ सत्र 2025-26 की यूरिया उर्वरक का 50 प्रतिशत से अधिक स्टॉक बहुत कम समय में बेच दिया। यह बिक्री प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई, जो कालाबाजारी, ओवर बिलिंग और अवैध परिवहन की संभावना दर्शाती है। जांच के बाद, मेसर्स श्री बालाजी खाद बीज भण्डार हरैया सतघरवा के उर्वरक बिक्री प्राधिकार पत्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग और प्रवर्तन टीम को संबंधित विक्रेता के अभिलेखों और स्टॉक की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ एफआईआर सहित कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यहां भी पढ़े:  गौर में उन्नतशील गेहूं बीज वितरित:किसानों को रबी फसल के लिए मिली सुविधा
Advertisement