श्रावस्ती में इंडो-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए श्रावस्ती पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने सीमावर्ती थाना मल्हीपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया। जनपद के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सीमा क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी उत्तम ने ग्राम रामपुर, डिलवा तिकोनी मोड़ और ककरदरी जैसे संवेदनशील सीमा बिंदुओं पर पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और थाना मल्हीपुर पुलिस तथा एसएसबी की संयुक्त टीम के साथ पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से बातचीत कर उन्हें अलर्ट रहने के निर्देश दिए। सीमा से जाने वाले लोगों से गहन पूछताछ एएसपी ने चौकियों पर मौजूद जवानों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतने, सीमा से आने-जाने वाले लोगों से गहन पूछताछ करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इंडो-नेपाल सीमा पर बढ़ी सतर्कता के तहत थाना सिरसिया की पुलिस और एसएसबी टीमों ने भी सीमा क्षेत्र, स्थानीय साप्ताहिक बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सघन गश्त की। संयुक्त टीमों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की विस्तृत चेकिंग कर लोगों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता भी प्रदान की। अपर पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 की पीआरवी टीमों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और हर इनपुट को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत सूचना देने को कहा, ताकि जनमानस में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। श्रावस्ती पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत डायल 112 या स्थानीय पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने कहा कि हर स्थिति में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









































