मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को किया जागरूक:उतरौला के स्कूल में साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा पर दी जानकारी

6
Advertisement

कोतवाली उतरौला की मिशन शक्ति टीम ने मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय उतरौला ग्रामीण में छात्राओं को जागरूक किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने किया। टीम में मिशन शक्ति प्रभारी शालिनी सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, मेवा लाल, महिला आरक्षी गीतू सिंह, आरक्षी अरुणेश पटेल और आरक्षी सुरेंद्र कुमार शामिल रहे। टीम ने मिशन शक्ति फेज-5 के तहत छात्राओं को साइबर फ्रॉड, महिला सुरक्षा, एंटी रोमियो स्क्वॉड की भूमिका और महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। छात्राओं को मोबाइल के सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया पर अपरिचितों से दूरी बनाए रखने, ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 या 181 पर संपर्क करें। कार्यक्रम के दौरान टीम ने थाने पर संचालित मिशन शक्ति केंद्र के कार्यों से भी छात्राओं को अवगत कराया। उनसे किसी भी समस्या पर निडर होकर पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रश्न पूछकर जिज्ञासाएं शांत कीं। पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षित और जागरूक रहने का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
यहां भी पढ़े:  मऊ: विवाहिता ने खाया जहरीला पदार्थ, हालत गंभीर; पुलिस जाँच में जुटी
Advertisement