श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के नासिरगंज कस्बे में शनिवार को एक बिजली ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठते देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, बिजली विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर मौजूद लाइनमैन करण सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद तुरंत आग पर काबू पा लिया गया। उनकी तत्परता के कारण आग आसपास के क्षेत्रों में फैलने से पहले ही बुझ गई। लाइनमैन करण सिंह ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।स्थानीय निवासियों शौकत, असगर, शकील और पुत्तन सहित अन्य लोगों ने बिजली कर्मियों की समय पर की गई कार्रवाई की सराहना की है।





































