श्रावस्ती जनपद के इकौना विकास खंड स्थित खरगौरा बस्ती के सगरा पोखरा पर इस वर्ष भी पारंपरिक मेले का आयोजन शनिवार को किया गया। हर साल की तरह इस बार भी नए वर्ष के अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मेले में पहुंचे। पूर्व प्रधान रामप्रकाश मणि ने बताया कि मेले में पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान, दंगल, झूले, दुकानें और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने इन आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधान हजरत अली ने बताया कि उनकी गांव लक्खीभारी कोटिया धाम से गहरी आस्था जुड़ी है और वे हर वर्ष इस आयोजन में शामिल होने आते हैं। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजन स्थानीय परंपराओं और संस्कृति को जीवित रखते हैं, साथ ही क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देते हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग मिला। ऋषि मुनि आश्रम पर लगे मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हालांकि, गिलौला पुलिस ने मौजा प्यारेपुर मेले में कुश्ती जैसे आयोजनों पर रोक लगाई थी। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी वर्गों के लोगों में भारी उत्साह देखा गया।


























