विज्ञापन
महराजगंज एसपी के निर्देश पर थाना चौक पुलिस ने शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से अपने क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस टीम ने बाजार, मुख्य चौराहों, आवासीय क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का दौरा किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने आम जनता से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास जगाया। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक निर्देश दिए। लोगों से सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। महिला सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और रात में सावधानी बरतने जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाई गई। थाना चौक प्रभारी ओपी गुप्ता ने बताया कि जनपद में शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमित गश्त और संवाद के जरिए पुलिस का लक्ष्य अपराधों पर अंकुश लगाना और आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इस अभियान से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।







































