विशेश्वरगंज स्टेशन पर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं का अभाव: पेयजल, शौचालय और सफाई न होने से यात्री परेशान – Kanchhar(Payagpur) News

3
Advertisement

भारतीय रेलवे जहां एक ओर आधुनिकीकरण के दावे कर रहा है, वहीं विशेश्वरगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्टेशन पर पेयजल, साफ-सफाई और शौचालयों जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में पानी की टंकी और नल लगे होने के बावजूद किसी भी नल से पानी नहीं आता है। यात्रियों को पीने के पानी के लिए स्टेशन के बाहर भटकना पड़ता है। अराजक तत्वों द्वारा नलों की टोटियां चोरी कर लिए जाने से यह समस्या और गंभीर हो गई है। स्टेशन पर बने लगभग आधा दर्जन शौचालयों की स्थिति भी दयनीय है। अधिकांश शौचालयों में ताले लटके हैं, और जो खुले हैं उनमें गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नियमित सफाई न होने के कारण पूरे परिसर में दुर्गंध फैली रहती है। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर चारों ओर झाड़-झंखाड़ उग आए हैं, जिससे रात के समय यात्रियों को जहरीले जीव-जंतुओं का भय बना रहता है। भीषण शीतलहर के बावजूद स्टेशन पर अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे यात्री ठिठुरने को मजबूर हैं। इस संबंध में स्टेशन मास्टर राकेश रंजन आजाद ने बताया कि स्टेशन पर कोई स्थायी सफाई कर्मचारी तैनात नहीं है। वर्तमान में निजी स्तर पर ही जैसे-तैसे सफाई कराई जा रही है। स्टेशन पर सुरक्षा के लिए 11 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इसके बावजूद अराजक तत्व खुलेआम नलों की टोटियां चोरी कर रहे हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है। स्टेशन से रोजाना यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया है। यात्रियों ने स्टेशन पर पेयजल आपूर्ति बहाल करने, शौचालयों के ताले खुलवाकर उनकी सफाई कराने और ठंड को देखते हुए तत्काल अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है।
यहां भी पढ़े:  गूमा फतमाजोत में टीकाकरण उत्सव आयोजित:महिलाओं-बच्चों का टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड भी बने
Advertisement