बहादुरपुर ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष सचिन दुबे ने पुलिस और एक होटल मैनेजर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। न्यू ईयर की रात करीब 10 बजे बस्ती के एक होटल में हुई, जब दुबे खाना खाने गए थे। सचिन दुबे के अनुसार, होटल मैनेजर ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें होटल से बाहर निकालने को कहा। मैनेजर ने बताया कि होटल में एक ‘स्पेशल पार्टी’ चल रही थी। दुबे ने आरोप लगाया कि इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी उनके साथ सरेआम मारपीट और गाली-गलौज की। प्रधान संघ अध्यक्ष ने होटल में असलहा लेकर घुसने के आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी गाड़ी में रखा असलहा लाइसेंसी था। दुबे ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखने से सच्चाई सामने आ जाएगी और इस घटना का एक वायरल वीडियो भी साक्ष्य के रूप में मौजूद है। सचिन दुबे ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) बस्ती अभिनंदन सिंह को एक शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रधान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो जिले के सभी प्रधान एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस घटना को लेकर जिले के ब्राह्मण समाज में भी आक्रोश देखा जा रहा है। इस मामले में एसपी बस्ती अभिनंदन सिंह ने कहा है कि मामला संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।





































