नगर बाजार थाना क्षेत्र में जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद अब आपराधिक शिकायत तक पहुंच गया है। ग्राम चंदो निवासी दीपक सिंह पुत्र भानू प्रताप सिंह ने थाना नगर बाजार में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी जोगीपुर स्थित भूमि का सीमांकन 15 दिसंबर 2025 को राजस्व टीम द्वारा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत किया गया था। दीपक सिंह के अनुसार, इस कार्रवाई से नाराज होकर विपक्षी पक्ष ने उन्हें और उनके चालक को जान-माल की धमकी दी। प्रार्थी ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को कुछ लोगों ने मोबाइल फोन के माध्यम से उनके चालक श्रवण निषाद पुत्र पाठन निषाद (निवासी जोगीपुर) को गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इस बातचीत में दीपक सिंह को भी धमकाया गया। दीपक सिंह ने दावा किया है कि धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके मोबाइल में सुरक्षित है, जिसे पेन ड्राइव के माध्यम से पुलिस को सौंपा गया है। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। दीपक सिंह ने कहा कि सीमांकन की वैधानिक प्रक्रिया के बाद इस तरह की धमकी कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है और उनकी व उनके चालक की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है। इस संबंध में थाना प्रभारी विश्व मोहन राय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है और रिकॉर्डिंग की सत्यता की पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामला राजस्व विवाद से जुड़ा होने के साथ-साथ आपराधिक धमकी का भी है, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।











































