मोतीगंज चौराहे पर भीषण जाम से आमजन परेशान:अतिक्रमण व ई-रिक्शाओं की भीड़ से यातायात बाधित, अधिकारियों ने दिया आश्वासन

7
Advertisement

नगर पंचायत भारतभारी का मोतीगंज चौराहा इन दिनों भीषण जाम की समस्या से ग्रस्त है। यह चौराहा क्षेत्र का एक प्रमुख और अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जो डुमरियागंज, रुधौली, बढ़नी और आसपास के ग्रामीण इलाकों को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो, ट्रैक्टर और दोपहिया वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे दिन के अधिकांश समय यातायात बाधित रहता है। महेश, सुरेश रहमान, मोनू के अनुसार, सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चे, कार्यालय कर्मचारी, व्यापारी और मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी अक्सर जाम में फंस जाती हैं। कई बार लोगों को 10 से 20 मिनट तक एक ही स्थान पर रुकना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी होती है और दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ जाता है। जाम का मुख्य कारण चौराहे पर ट्रैफिक प्रबंधन का अभाव बताया जा रहा है। यहां न तो ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है और न ही कोई स्थायी संकेतक या डिवाइडर लगाया गया है। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन, दुकानों के सामने अतिक्रमण और ई-रिक्शाओं का जमावड़ा भी जाम को बढ़ाता है। कुछ स्थानों पर सड़क संकरी होने के कारण वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने नगर पंचायत और प्रशासन से इस समस्या के समाधान की कई बार मांग की है। उनकी मांग है कि मोतीगंज चौराहे पर नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती, सड़क पर मार्किंग, गति अवरोधक, साइन बोर्ड और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, जिससे जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सके। नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी राजन गुप्ता ने बताया है कि इस समस्या को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन के ठोस प्रयासों से मोतीगंज चौराहे पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और आम जनता को राहत मिल सकेगी।
Advertisement