महाप्रबंधक ने घुघली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया: व्यापार मंडल ने सौंपा छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन – Ghughali(Maharajganj) News

8
Advertisement

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को घुघली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया। इसी क्रम में उद्योग व्यापार मंडल ने उन्हें छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। महाप्रबंधक बोरवणकर ने बताया कि यह निरीक्षण मुख्य रूप से सुरक्षा की दृष्टि से किया जा रहा है। उन्होंने रेल पटरी, समपार फाटक, सिग्नलिंग व्यवस्था और मार्ग में स्थित सभी उपकरणों का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच की और उन्हें निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने कहा कि इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक को छह सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घुघली रेलवे स्टेशन को रैक पॉइंट बनाने, सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, ढाले पर जाम की समस्या के समाधान हेतु ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन से जुड़ी सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, रेलवे स्टेशन पर आरामगृह, सामान्य व महिला शौचालय की व्यवस्था तथा घुघली-आनंदनगर रेल लाइन परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूर्ण करने की भी मांग शामिल थी। ज्ञापन सौंपने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश रुंगटा, जिला उपाध्यक्ष संजय जायसवाल, परमेश्वर गुप्त, उपेंद्र, अनिल और रामगोपाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Advertisement