महराजगंज में 150 नशीले इंजेक्शन जब्त: बरगदवा पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार – Chatiyan(Nichlaul) News

5
Advertisement

पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बरगदवा पुलिस और 22वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सीमावर्ती क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरगदवा थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी के जवान संयुक्त रूप से चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर, इंडो-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 509/1 के पास बदह ग्राम चकरार स्थित बैरियर चेकपोस्ट के समीप से दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 150 एम्पुल नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। इसके अलावा, उनके पास से एक मोबाइल फोन, एक बाइक और 2250 रुपये नकद भी जब्त किए गए। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान रौशन गुप्ता (19 वर्ष) निवासी गड़ौरा और खालिद (18 वर्ष) निवासी लोहरौली, थाना ठूठीबारी, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि दोनों युवकों को नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध यह अभियान पूरी सख्ती के साथ आगे भी जारी रहेगा।
यहां भी पढ़े:  मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने किया जागरूक:जरवा और गैसड़ी पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को दी आत्मरक्षा
Advertisement