गंगापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोरी घायल:घर के बाहर खेल रही 15 वर्षीय लड़की गंभीर, भिनगा रेफर

2
Advertisement

श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के गंगापुर में बुधवार को एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद भिनगा स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। गंगापुर निवासी जाफरून (15 वर्ष) पुत्री मुबारक अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान जमुनहा की ओर से मल्हीपुर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जाफरून को गंभीर चोटें आईं। घटना के समय मल्हीपुर थाना क्षेत्र के निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह मौके से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल किशोरी को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. खुर्शीद खान ने जाफरून का प्राथमिक उपचार किया। किशोरी की गंभीर हालत को देखते हुए डॉ. खुर्शीद खान ने उसे बेहतर इलाज के लिए भिनगा स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मल्हीपुर पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच कर रही है।
Advertisement