श्रावस्ती में सड़क हादसे में युवक की मौत:अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मारी, फरार

0
2

श्रावस्ती जिले में एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना बुधवार को नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग बौद्ध परिपथ पर खरगौरा बस्ती पेट्रोल पंप के पास हुई। एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारकर फरार हो गया। मृतक की पहचान सुभाष पुत्र बिंदेश्वरी के रूप में हुई है, जो कमला भारी, थाना गिलौला का निवासी था। अपनी मां के निधन के बाद सुभाष बचपन से ही अपने मामा विजय वर्मा पुत्र नानमून के यहां खरगौरा बस्ती के मजरा लहेरी पुरवा में रह रहा था। बुधवार सुबह सुभाष खरगौरा बस्ती स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने बलरामपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने एंबुलेंस को बुलाया। घायल सुभाष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया। स्थिति में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल बहराइच भेजा गया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में गहरा शोक छा गया है।
Advertisement