गिलौला पहुंचने पर पैदल भारत यात्रा पर निकले सनोज कुमार कुशवाहा का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए अपनी यात्रा के उद्देश्य और अनुभवों को साझा किया। सनोज कुमार कुशवाहा ने बताया कि वे 21 अक्टूबर 2022 से लगातार पैदल भारत यात्रा पर हैं। उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के हर राज्य और जिले में जाकर वहां की भारतीय संस्कृति, परंपरा, रहन-सहन और सामाजिक जीवन को करीब से समझना है। वे इन अनुभवों के आधार पर एक पुस्तक भी लिख रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक वे भारत के 28 राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते हुए श्रावस्ती उनका 45वां जिला है। इस दौरान उन्होंने 27,800 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय की है। उनकी यात्रा की शुरुआत नॉर्थ ईस्ट के अरुणाचल प्रदेश से हुई थी। सनोज कुमार कुशवाहा की इस यात्रा से स्थानीय लोग काफी प्रभावित हुए। लोगों ने उनके साहस, संकल्प और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण की सराहना की।










































