लालगंज थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत पर उसके पति और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी लालगंज थानाक्षेत्र के सिसईबाबू गांव निवासी सुनील से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे दहेज कम लाने को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। विवाहिता के अनुसार, उसे आए दिन ताने दिए जाते थे और घरेलू विवादों के दौरान अपशब्दों का प्रयोग किया जाता था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई। इन सब से परेशान होकर पीड़िता ने अंततः थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति सुनील और ननद कलपत्ता देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना एसआई देवीशरण यादव को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच के दौरान सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































