श्रावस्ती में रास्ता क्षतिग्रस्त:महू रनिया में आवागमन बाधित, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की शिकायत

13
Advertisement

जनपद श्रावस्ती के विकासखंड इकौना अंतर्गत न्याय पंचायत कोलाभार मझगवां की ग्राम सभा कोडारी दिगर रामपुर कटेल में एक प्रमुख रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। कैलाश शर्मा के घर से लेकर गुर प्रसाद पासवान के घर तक का यह मार्ग आवागमन के लिए अनुपयोगी हो गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह खड़ंजा मार्ग पिछले दो-तीन महीनों से टूटा हुआ है। पूर्व में लगा खड़ंजा पूरी तरह से उखड़ गया है, जिससे पैदल और वाहन चालकों दोनों को दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासियों पति राम, राजू राव और मिश्रीलाल सहित कई ग्रामीणों ने इस समस्या के बारे में ग्राम प्रधान को अवगत कराया था। प्रधान ने चार-छह दिनों के भीतर टूटे हुए खड़ंजे को ठीक कराने का आश्वासन दिया था। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी ग्राम प्रधान द्वारा इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने अब श्रावस्ती के जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडे को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपनी पूरी समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि रास्ते के क्षतिग्रस्त होने से उन्हें आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई करने और जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कराने की गुहार लगाई है।

यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती में सामुदायिक शौचालय वर्षों से बंद:लाखों का सरकारी धन बर्बाद, ग्रामीण खुले में शौच को मजबूर
Advertisement