रुधौली में सोमवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। वर्ष 2026 के पहले शनिवार को अवकाश होने के कारण यह आयोजन सोमवार को तहसील परिसर में हुआ। अपर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रतिपाल सिंह चौहान और उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश की अनुपस्थिति के कारण तहसीलदार रवि यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। समाधान दिवस में कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से 17, पुलिस विभाग से 2, विकास विभाग से 1, विद्युत विभाग से 5, खाद्य एवं पूर्ति विभाग से 1 और वन विभाग से 1 शिकायत शामिल थी। मौके पर केवल 5 मामलों का निस्तारण किया जा सका। शेष 22 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की टीमें गठित की गईं। इन टीमों को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया कि लेखपाल सर्वे कार्य के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर रहे थे। प्रमुख शिकायतों में ग्राम बढ़या राजा के दुर्गेश कुमार की विद्युत मीटर खराब होने की शिकायत शामिल थी। ग्राम खजुरिया के सोमाई ने पैमाइश से संबंधित समस्या रखी, जबकि ग्राम केरौना की विंध्यवासिनी ने राजस्व कमिश्नर के आदेश के अनुपालन से जुड़ा मामला उठाया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार, विद्युत विभाग के एसडीओ बी.पी. सिंह, नगर पंचायत प्रतिनिधि मोहन श्रीवास्तव और खाद्य एवं पूर्ति विभाग से छोटेलाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश एडीएम-एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार ने सुनीं समस्याएं:रुधौली तहसील समाधान दिवस में...






































