करहली बुजुर्ग गांव में मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र में आग लग गई। यह केंद्र गीता वर्मा द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बहादुरपुर शाखा से संबद्ध होकर संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि केंद्र में रखे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, आवश्यक दस्तावेज और फर्नीचर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय केंद्र पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। इस अग्निकांड के कारण क्षेत्र में बैंकिंग और वैकल्पिक सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से होने वाले लेन-देन, आधार आधारित भुगतान, पेंशन, छात्रवृत्ति, खाते से संबंधित कार्य और अन्य सरकारी योजनाओं की सेवाएं बाधित हो गई हैं। लगभग तीन दर्जन गांवों के लोग अपनी रोजमर्रा की बैंकिंग जरूरतों के लिए इसी केंद्र पर निर्भर थे। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और खाताधारकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। केंद्र संचालक ने संबंधित बैंक अधिकारियों और प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि प्रभावित गांवों के लोगों को आवश्यक बैंकिंग सेवाएं पुनः मिल सकें।





































