श्रावस्ती में दो बाइकों की टक्कर:कटहरा माफी में तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर

4
Advertisement

श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में जमुनहा-बहराइच मार्ग पर सैमबोर्ड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मनकौरा निवासी उदय राज (29 वर्षीय) अपने ससुराल हरिहरपुर महराजनगर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की जमुनहा की ओर से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार सत्रोहन (28 वर्षीय), निवासी गुरचाही, थाना रुपईडीहा, और ननकऊ वर्मा, निवासी चितरहिया, जनपद बहराइच, को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। एंबुलेंस संख्या UP 32 BG 8816 से ईएमटी बृजेश सिंह और पायलट आलोक तिवारी ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया। सीएचसी मल्हीपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. सिद्धेश वर्मा ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायल सत्रोहन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय बहराइच रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

Advertisement