बस्ती जनपद के नगर पंचायत बभनान में स्थित रैन बसेरा का सोमवार को नायब तहसीलदार शालिनी वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरा में ठहरे लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। नायब तहसीलदार ने ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और कंबल वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरा में आने वाले जरूरतमंदों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। निरीक्षण के दौरान शालिनी वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ठंड के मौसम में बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आश्रय उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर नगर पंचायत के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
























