उतरौला में नेशनल क्रिकेट ट्रॉफी:तीसरे दिन नेवादा ने इमामबाड़ा को हराकर क्वार्टर फाइनल जीता

5
Advertisement

सादुल्लाहनगर (बलरामपुर)। नेवादा गांव में आयोजित नेशनल क्रिकेट ट्रॉफी के तीसरे दिन सोमवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन का सबसे महत्वपूर्ण क्वार्टर फाइनल मैच नेवादा और इमामबाड़ा के बीच खेला गया, जिसमें नेवादा ने इमामबाड़ा को हराकर जीत दर्ज की। दिन का पहला लीग मुकाबला नेवादा और सब्बनजोत के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेवादा ने 10 ओवर में 145 रन का मजबूत लक्ष्य रखा। टीम के लिए सफीक ने 58 रन बनाए, जबकि वलीउल्लाह ने 53 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। जवाब में सब्बनजोत की टीम 10 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। दूसरा मैच जिगना और इमामबाड़ा के बीच खेला गया। इमामबाड़ा ने टॉस जीता, जिसके बाद जिगना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में मात्र 73 रन बनाए। इमामबाड़ा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 5 ओवर में जीत हासिल कर ली। इस मैच में सईद ने 45 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने। तीसरा और सबसे रोमांचक मुकाबला क्वार्टर फाइनल के रूप में इमामबाड़ा और नेवादा के बीच हुआ। टॉस इमामबाड़ा ने जीता, लेकिन पहले बल्लेबाजी नेवादा ने की। नेवादा की टीम 8 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 63 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए इमामबाड़ा की टीम भी दबाव में आ गई और 55 रन पर ऑलआउट हो गई, जिससे नेवादा ने जीत हासिल की। साहिल ने दो ओवर में 8 रन देकर 5 विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के अध्यक्ष ताहिर हुसैन और संयोजक शाहिद हुसैन रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में खेल प्रेमी शमशाद, मुशाहिद, वलीउल्लाह, इस्तियाक और मो. वसीम का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने टूर्नामेंट के माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा।
Advertisement