राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर सोमवार शाम एक सड़क हादसे में अयोध्या से बस्ती जा रही एक कार ट्राला की टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना शंकरपुर नहर पुलिया के समीप विक्रमजोत हर्रैया बस्ती छावनी थाना क्षेत्र में हुई। कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे अयोध्या से बस्ती की ओर जा रही कार पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्राला ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस चौकी विक्रमजोत को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी शशि शेखर सिंह अपने हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर विक्रमजोत चौकी भेज दिया। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका था और दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की बातचीत जारी थी।





































