
श्रावस्ती जनपद के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सेमरहनिया गांव में राप्ती नदी में डूबी 8 वर्षीय बच्ची कुमकुम की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। होली के दिन हुई इस घटना के बाद एसएसबी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार, होली के दिन गांव के चार बच्चे रंग खेलने के बाद राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद मंगली पुत्र सुभाष ने तत्परता दिखाते हुए नदी में कूदकर तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, कुमकुम गहरे पानी में लापता हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया था। दूसरे दिन सुबह से ही एसडीआरएफ, एसएसबी और पुलिस की टीमों ने गोताखोरों के साथ मिलकर नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीमों ने नाव और गोताखोरों की सहायता से नदी में कई किलोमीटर तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्ची का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना के बाद से गांव में गंभीर माहौल है। कुमकुम के परिजन लगातार नदी किनारे मौजूद हैं और उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।












































