
श्रावस्ती नेपाल में होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर जनपद के भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी, भिनगा ने सीमा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया है। 62वीं वाहिनी के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र की सभी चौकियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जवान लगातार गश्त कर रहे हैं और सीमा से लगे संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के दौरान किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से भारत से नेपाल जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों और पगडंडियों पर सख्त नाकाबंदी की गई है। सुरक्षा कारणों से फिलहाल किसी भी व्यक्ति को सीमा पार आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सीमा पर तैनात जवानों द्वारा नाका पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है। इसके तहत आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है, ताकि अवैध सामान या संदिग्ध गतिविधियां सीमा के आर-पार न हो सकें। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण सहित वाहिनी के सभी अधिकारी स्वयं सीमा क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। जवानों को सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी को ध्यान में रखते हुए चुनावी अवधि में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके। श्रावस्ती से लगी भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।












































