इकौना में टाटिया विवाद में पांच लोग घायल:दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, इलाज जारी

6
Advertisement

श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र के टण्डवा महन्थ गांव में टाटिया उजाड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। गांव निवासी अमरेश कुमार पुत्र अंबिका प्रसाद ने इकौना थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के निरूहू पुत्र छेदी, छेदी पुत्र अवतार, बहादुर पुत्र अवतार, खोपी पुत्र बहादुर और ननकने पुत्र बहादुर सहित अन्य लोगों ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की। अमरेश कुमार के अनुसार, जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में बुद्धरानी, राम नरेश, सरोज कुमारी और राम कुमार सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि किशोर पुत्र अवतार ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे सरोज कुमारी के सिर में गंभीर चोट आई। घायल पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
Advertisement