
श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र स्थित सिसवारा चौराहा पर बीती रात एक खाली घर में लाखों की चोरी हो गई। परिवार के मुताबिक अज्ञात चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। दरअसल परिवार के सदस्य बुधवार को होली मनाने ससुराल गए थे। देर रात होने के कारण वे घर नहीं लौट पाए। बृहस्पतिवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर नकदी और जेवरात गायब मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार, उनकी बर्तन की दुकान है। होली के त्योहार के चलते पिछले एक सप्ताह की बिक्री के करीब एक लाख रुपये नकद घर में रखे थे, जिन्हें चोर उठा ले गए। इसके अलावा, घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी हो गए। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वही पीड़ित परिवार ने इस मामले को लेकर पुलिस को तहरीर भी दी है। पीड़ित महिला ने बताया कि वह होली पर अपने मायके मल्हीपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर कोठी गई थीं। चोरों ने घर से पायल, नथिया, मंगलसूत्र और हार सहित अन्य जेवरात चुरा लिए। महिला के अनुसार, उनके तीन बेटियां हैं और घर में केवल वह और उनके पति रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी आसपास के इलाके में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।












































