
श्रावस्ती पुलिस लाइन में गुरुवार को होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल भाटी ने किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। वहीं एसपी राहुल भाटी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। वहीं एसपी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी डीजे की धुन पर झूमते हुए रंगों के इस त्योहार में शामिल हुए। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा, जहां पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन आलोक कुमार सिंह और प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और रिक्रूट आरक्षी भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि बुधवार को पूरे जनपद में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था। इसके बाद गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाई। इस दौरान अधिकारियों ने जनपदवासियों को भी शांति, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।












































