
श्रावस्ती में इकौना कस्बे के महावीर नगर मोहल्ले में होली के दौरान रंग लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना इकौना के महावीर नगर मोहल्ले में होली के दौरान हुई। पीड़िता अनुसूचित जाति की महिला रानी देवी पत्नी बाबादीन की तहरीर पर थाना इकौना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। तहरीर के अनुसार, उनका पुत्र शुभम चौधरी मोटरसाइकिल से उपाध्याय तिराहा की ओर जा रहा था। आरोप है कि तिलक नगर निवासी राजू नाई और मंगरे पुत्र अज्ञात ने अपने अन्य साथियों के साथ शुभम की बाइक रोककर जबरन रंग लगाने की कोशिश की। जब शुभम ने बाइक खड़ी करने के बाद रंग लगाने की बात कही, तो आरोपियों ने नाराज होकर जातिसूचक गालियां दीं और थप्पड़, मुक्के व लाठी-डंडों से मारपीट की। शोर सुनकर शुभम का बड़ा भाई सुमित चौधरी मौके पर पहुंचा, तो उसके साथ भी अभद्रता की गई। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












































