चरदाजमोग में स्वदेशी जागरण मंच ने किया चौपाल का आयोजन: स्वदेशी सुरक्षा और स्वावलंबन अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया – Lakhahiya Kalan(Nanpara) News

6
Advertisement

लखैयाकला चरदाजमोग स्थित देव संस्कृति ग्रामोदय इंटर कॉलेज (रामपुर) परिसर में स्वदेशी जागरण मंच ने एक चौपाल का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “विष मुक्त खेती नशा मुक्त गांव” था। इसमें स्वदेशी सुरक्षा और स्वावलंबन अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। चौपाल में महामना मालवीय मिशन, गायत्री परिवार, रूल ऑफ लॉ सोसाइटी, किसान परिषद के प्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक अनुपम जी ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्विक आर्थिक युद्ध में भारत को स्वदेशी और स्वावलंबन के मंत्र को अपनाकर देश को सशक्त बनाना होगा। तभी भारत विश्व पटल पर समृद्ध, सुरक्षित और स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में खड़ा हो पाएगा। आयोजक महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों के तत्वावधान में अवैध नशा कारोबार के क्रय-विक्रय, उपभोग और उत्पादन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए जगह-जगह हरिशंकरी और पंचवटी प्रजाति के पेड़ों का रोपण कर उन्हें संरक्षित करने का प्रयास भी किया जा रहा है। क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन वर्मा ने लोगों से प्राकृतिक और आयुर्वेद आधारित जीवन शैली अपनाकर निरोगी रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र वर्मा, डॉ. सुमन गिहार और डॉ. सुधीर उपाध्याय के नेतृत्व में लगभग पांच सौ लोगों का आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से इलाज किया गया। योग प्रशिक्षक सुशील बाजपेई, राकेश दुबे और गया प्रसाद ने उपस्थित लोगों को योग प्रशिक्षण भी दिया। चौपाल की अध्यक्षता बाल कल्याण समिति के चेयरमैन और विधिवेत्ता सतीश श्रीवास्तव ने की। उन्होंने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को देश का महानायक और संविधान निर्माता बताते हुए उनके पदचिन्हों पर चलकर भारतीय संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन किसान परिषद के संयोजक शिव पूजन सिंह ने किया।
यहां भी पढ़े:  बहराइच में भेड़िए ने बच्चे पर हमला किया: समदा गोड़ियापुरवा में दहशत, वन विभाग टीम पहुंची - Baundi(Kaisarganj) News
Advertisement