बस्ती जनपद के पैकोलिया थाना क्षेत्र के धोसड़े मिश्र गांव में एक महिला को घर में घुसकर पीटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, धोसड़े मिश्र गांव निवासी बुद्धि सागर मिश्र की पत्नी शेष कुमारी मिश्रा ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनके खेत में बकरी चरा रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी नाराज हो गए। शेष कुमारी मिश्रा के मुताबिक, शनिवार दोपहर रीता, माधुरी और नितिन सहित चार आरोपी उनके घर में घुस आए। उन्होंने महिला को गाली देते हुए लात, मुक्के और डंडे से पीटा। जब महिला की बेटी उसे बचाने दौड़ी, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी गौर भेजा गया है।





































