महराजगंज में मतदाता SIR प्रक्रिया पूरी: 15.13 मतदाता ASD श्रेणी में, नो-मैपिंग का होगा सत्यापन – Maharajganj News

6
Advertisement

महराजगंज में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एनुमरेशन फॉर्म भरने की समय-सीमा पूरी हो गई है। मंगलवार को अनंतिम (ड्राफ्ट) मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद प्रशासन ने एक प्रेसवार्ता आयोजित कर स्थिति स्पष्ट की। इसमें बताया गया कि जिले की मतदाता सूची का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। जिले में कुल 19,92,459 मतदाता हैं। इनमें से 84.87 प्रतिशत यानी 16,90,962 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं। शेष 15.13 प्रतिशत मतदाता एएसडी (एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड) श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। डिजिटाइज्ड मतदाताओं के मैपिंग आंकड़ों के अनुसार, 73.91 प्रतिशत (14,72,746) मतदाताओं की मैपिंग सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है। इनमें 36.78 प्रतिशत ने 2003 की मतदाता सूची से स्वयं या अपने माता-पिता का नाम खोजकर सेल्फ मैपिंग की है, जबकि 37.13 प्रतिशत मतदाताओं की प्रोजनी मैपिंग कराई गई है। 10.93 प्रतिशत (2,17,813) मतदाता ऐसे हैं जिनकी मैपिंग अभी तक नहीं हो सकी है। इन नो-मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं को पहचान और पात्रता के सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे और उनके प्रपत्र एकत्र किए जाएंगे। आंकड़ों के अनुसार, 2003 की मतदाता सूची के सापेक्ष 2.86 प्रतिशत (57,073) मतदाता मृतक पाए गए हैं। 3.61 प्रतिशत (72,016) मतदाताओं का पता नहीं लगाया जा सका है, जबकि 6.52 प्रतिशत (1,29,889) मतदाताओं ने अपना निवास स्थान बदल लिया है। इस प्रकार कुल 3,01,505 मतदाता यानी 15.13 प्रतिशत एएसडी श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। प्रेसवार्ता में संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची छह जनवरी को प्रकाशित कर दी गई है। इसके बाद एक माह तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत अंतिम मतदाता सूची फरवरी 2026 में प्रकाशित की जाएगी। डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एएसडी श्रेणी के 15.13 प्रतिशत मतदाताओं के नाम अनंतिम सूची में अलग से एएसडी सूची के रूप में जारी किए गए हैं। इसका उद्देश्य आपत्ति अवधि के दौरान उन्हें पूरा अवसर देना है, ताकि पात्र पाए जाने पर उनका नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
Advertisement