सिसवा फुटबॉल प्रतियोगिता: नेपाल और लखनऊ ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर अगले दौर में बनाई जगह – Siswa(Maharajganj) News

6
Advertisement

सिसवा के महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज खेल मैदान में रॉयल स्पोर्टिंग क्लब द्वारा चल रहे ठाकुर यादवेंद्र सिंह स्मारक ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को नेपाल और लखनऊ की टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दोनों टीमों ने अपने-प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता का पहला मैच बारा नेपाल और महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज सिसवा के बीच खेला गया। मध्यांतर से ठीक पहले 20वें मिनट में नेपाल के खिलाड़ी ईश्वर राणा ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद 75वें मिनट में संदीप ने दूसरा गोल दागा। सिसवा की टीम मैच समाप्त होने तक कोई गोल नहीं कर सकी, जिससे नेपाल ने यह मैच 2-0 से जीत लिया। दूसरा मुकाबला लखनऊ रेलवे और जसीडीह झारखंड के बीच हुआ। मध्यांतर तक दोनों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। मध्यांतर के बाद 64वें मिनट में लखनऊ के खिलाड़ी देवा ने मैदानी गोल किया। मैच के अंत तक यही स्कोर बरकरार रहा और लखनऊ ने 1-0 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। मैचों का शुभारंभ अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिबू खान और महामंत्री अश्वनी रौनियार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर डॉ. अजय पाणि पांडेय, मृगेंद्र बहादुर सिंह, दीपक चौधरी, रमेश जायसवाल, मंजूर अहमद, शकील अहमद, शिबू बनारसी, फरीद अहमद, इलियास अहमद, शैलेश सिंह, संतोष मल्ल, तेजप्रताप चौधरी, सोनू सहित सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Advertisement