बहू ने ससुर का फोन चुराकर खाते से उड़ाए रुपए:छावनी में साइबर स्वाट टीम ने किया गिरफ्तार

8
Advertisement

बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के लखना पाठक गांव में साइबर स्वाट टीम और साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर धोखाधड़ी का खुलासा किया है। इस मामले में ससुर के खाते से 89,100 रुपये की धोखाधड़ी करने वाली बहू प्रिया पाठक और उसके पड़ोसी सूरज को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी किया गया सैमसंग मोबाइल फोन और धोखाधड़ी की गई पूरी रकम बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित सूर्यनाथ पाठक ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खाते से धोखाधड़ी हुई है। जांच में सामने आया कि प्रिया पाठक ने 25 दिसंबर को अपने ससुर सूर्यनाथ पाठक का मोबाइल फोन चुरा लिया था। इसके बाद 27 दिसंबर को उसने यूपीआई (UPI) के माध्यम से खाते से 89,100 रुपये निकाल लिए। पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन के निर्देश पर साइबर स्वाट टीम और साइबर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर इस धोखाधड़ी में प्रिया पाठक और उसके पड़ोसी सूरज की संलिप्तता का पता लगाया। संयुक्त कार्रवाई के बाद प्रिया पाठक और सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से चोरी किया गया सैमसंग मोबाइल फोन और धोखाधड़ी की गई पूरी 89,100 रुपये की रकम बरामद की गई। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे में साइबर स्वाट प्रभारी रितेश सिंह और साइबर थाना एसएचओ कुलदीप त्रिपाठी की मुख्य भूमिका रही। टीम में आरक्षी दीपक राय, सौरभ मिश्रा, हरिओम सिंह (साइबर स्वाट टीम) तथा महिला आरक्षी बबीता, इशांत कुमार और ऋषिवेंद्र तिवारी (साइबर थाना पुलिस) शामिल थे।

यहां भी पढ़े:  पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक किया: रामनगर सेमरा नानपारा में सुरक्षा उपायों की जानकारी दी - Ramnagar Semra(Nanpara) News
Advertisement