मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, 4 लाख नाम कटे:SIR के बाद अब जिले में 15.62 लाख मतदाता बचे, 6 फरवरी तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

10
Advertisement

सिद्धार्थनगर जिले में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट मंगलवार को जारी कर दिया गया। इस प्रक्रिया से जिले की मतदाता संख्या में बड़ा बदलाव आया है। पुनरीक्षण अभियान से पहले कुल 19 लाख 61 हजार 872 मतदाता दर्ज थे। गहन जांच के दौरान 3 लाख 98 हजार 900 नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। निर्वाचन विभाग के अनुसार, हटाए गए नामों में मृत मतदाता, दो स्थानों पर दर्ज नाम, लंबे समय से दूसरे स्थान पर निवास करने वाले या वर्षों से अपने पते पर अनुपस्थित पाए गए लोग शामिल हैं। इस पुनरीक्षण के बाद अब ड्राफ्ट सूची में सिद्धार्थनगर जिले में कुल 15 लाख 62 हजार 972 मतदाता पंजीकृत हैं। विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार, कपिलवस्तु विधानसभा में सर्वाधिक 3 लाख 68 हजार 634 मतदाता दर्ज हैं। इसके बाद डुमरियागंज में 3 लाख 27 हजार 648, बांसी में 2 लाख 99 हजार 569, शोहरतगढ़ में 2 लाख 95 हजार 479 और इटवा विधानसभा में 2 लाख 71 हजार 642 मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची का अवलोकन करने की अपील की है। यदि किसी मतदाता का नाम छूट गया हो, कोई त्रुटि हो या किसी नाम पर आपत्ति हो, तो वे 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इस अवधि में नए मतदाता नाम जुड़वा सकते हैं और गलत प्रविष्टियों में सुधार भी कराया जा सकता है। सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। जिले की अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए गहन पुनरीक्षण किया गया है, ताकि आगामी चुनावों में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
Advertisement