शोहरतगढ़ में एसएसबी ने खुनुवा सीमा पर यूरिया तस्करी रोकी:दो तस्कर गिरफ्तार, 6 बोरी यूरिया खाद बरामद

10
Advertisement

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया खाद की तस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया है। शोहरतगढ़ क्षेत्र के खुनुवा सीमा चौकी पर मंगलवार शाम एसएसबी ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से नेपाल ले जाई जा रही 6 बोरी यूरिया खाद और 2 साइकिलें बरामद की गईं। जानकारी के अनुसार, 43वीं वाहिनी एसएसबी की सीमा चौकी खुनुवा का नाका दल सीमा स्तंभ संख्या 555 के पास अपनी दैनिक गश्त कर रहा था। इसी दौरान दल ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को साइकिल पर बोरियां लादकर भारत से नेपाल की ओर बढ़ते देखा। नाका दल को देखते ही तस्कर साइकिल और बोरियां छोड़कर नेपाल सीमा की ओर भागने लगे। एसएसबी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान छोड़ी गई बोरियों की जांच में कुल 6 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। इसके साथ ही 2 साइकिलें भी जब्त की गईं। पकड़े गए तस्करों की पहचान सिद्धार्थनगर जिले के गुजरौलिया निवासी अजय पाल (पुत्र रामसेवक पाल) और करहिया निवासी रियाज अहमद (पुत्र बरसाती) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह यूरिया खाद शोहरतगढ़ बाजार से खरीदकर नेपाल में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। एसएसबी ने बरामद सभी सामग्री और दोनों आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय खुनुवा को सौंप दिया है। भारत-नेपाल सीमा पर खाद, नशीले पदार्थ, अवैध मुद्रा और वन्यजीव उत्पादों की तस्करी एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। 43वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त और सघन जांच अभियान चलाकर ऐसी अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।
Advertisement