
श्रावस्ती जनपद के ग्रामीण इलाकों में नीलगाय का आतंक किसानों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है। खेतों में खड़ी गेहूं की तैयार फसल को लगातार नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसान चिंतित हैं। गिलौला क्षेत्र के किसानों ननके गुप्ता, प्रमोद कुमार, शौलेंद्र सिंह और कुबेर ने बताया कि गेहूं की फसल कुछ ही दिनों में कटने वाली है। इस समय फसल में दाना भरने की प्रक्रिया चल रही है। यदि नीलगाय खेतों में घुसकर फसल चर जाती हैं, तो गेहूं में दोबारा दाना नहीं आएगा, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होगा। किसानों के अनुसार, रात होते ही नीलगाय झुंड बनाकर खेतों में पहुंच जाती हैं और देखते ही देखते फसल को चट कर जाती हैं। कई किसानों को रात भर खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद फसल को बचाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नीलगायों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों की मेहनत और उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके।











































