
श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे 730 पर तहसील के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सोनवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी छैल बिहारी प्रजापति किसी काम से इकौना तहसील जा रहे थे। जैसे ही वह तहसील की ओर मुड़े, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद आसपास के लोगों और परिजनों ने तुरंत घायलों को निजी वाहन से इकौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया।












































