मारपीट में घायल मजदूर की मौत:बलरामपुर में हुई घटना, श्रावस्ती में परिजनों का आक्रोश

5
Advertisement

श्रावस्ती जिले के इकौना क्षेत्र में मजदूरी करने गए एक व्यक्ति की मारपीट में घायल होने के बाद मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर बनकट (पोखरा) निवासी रामकुमार मजदूरी करते थे। वह 8 फरवरी को बलरामपुर जनपद के श्री दत्तगंज थाना क्षेत्र के अहिरौला स्थित पानी टंकी के पास मजदूरी करने गए थे। आरोप है कि 22 फरवरी को कुछ लोगों ने उन्हें रोककर बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।परिजनों के मुताबिक, मारपीट के बाद आरोपी घायल रामकुमार को 23 फरवरी को उनके घर के पास छोड़कर चले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया।परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कुछ दिन इलाज कराने के बाद परिजन उन्हें घर वापस ले आए। शुक्रवार को घर पर ही रामकुमार की मौत हो गई।घटना के संबंध में परिजनों ने थाना श्रीदत्तगंज (जनपद बलरामपुर) में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। पुलिस ने 28 फरवरी को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था।वहीं, शुक्रवार को मृतक के पुत्र संजय ने इकौना थाने में तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस भगवानपुर बनकट पोखरा पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेज दिया।
Advertisement